शिक्षा

शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिलेगा स्टूडेंट किट

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बिहार के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को जल्द ही स्टूडेंट किट मिलेगी, जिसे उनकी कक्षा के हिसाब से तैयार किया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना के राज्य निदेशक मयंक वारवाडे ने इस बाबत जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देश जारी किए हैं। किट वितरण को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने एमआईएस ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर भी तैयार किया है।

प्रखंड संसाधन केंद्रों (बीआरसी) को किट मिलने के बाद उसे पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया है, ताकि आपूर्ति और निगरानी समय पर हो सके। यह किट खासकर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए वरदान साबित होगी। किट की आपूर्ति के लिए टीसीआईएल, रेलटेल और बीईसीआईएल एजेंसियों को जिम्मा सौंपा गया है, जिसमें जिले में टीसीआईएल के जरिए प्रखंडों तक किट पहुंचाई जाएगी। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) और बीआरसी के लिपिकों को वितरण की जिम्मेदारी दी गई है।

किट वितरण से लेकर मॉनिटरिंग तक का काम बीईओ, प्रखंड लेखापाल और कंप्यूटर ऑपरेटर संभालेंगे। किट मिलने पर नमूने से मिलान, स्टॉक रजिस्टर में इंट्री और एमआईएस सॉफ्टवेयर पर डेटा अपलोड करने के स्पष्ट निर्देश हैं।

यह किट आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत होगी, जो बच्चों के लिए बैग और नोटबुक जैसी जरूरी चीजें नहीं खरीद पाते। एकसमान किट से बच्चों में समानता की भावना आएगी और वे मानसिक रूप से भी सहज रहेंगे। किट में बैग, नोटबुक, पेंसिल, रबड़, शार्पनर, रंग आदि शामिल होंगे, जो बच्चों का स्कूल आने का उत्साह बढ़ाएंगे।

प्रधानाध्यापकों को निर्देश है कि प्रखंड कार्यालय से किट लेकर स्कूल के स्टॉक रजिस्टर में दर्ज करें और छात्र-छात्राओं को वितरण के बाद ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर विवरण अपडेट करें। साथ ही, प्रत्येक कक्षा का एक समूह फोटो नोट कैम कैमरे से लेकर अपलोड करना होगा। एमआईएस पोर्टल के जरिए किट के वितरण की निगरानी होगी, ताकि यह सुनिश्चित हो कि किट सही बच्चों तक पहुंचे।

Comment here