द जनमित्र डेस्क
सीवान में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट और जान-माल के नुकसान के बाद बक्सर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी सिलसिले में शहर के सबसे व्यस्त पीपी रोड पर आईसीआईसीआई बैंक के पास चल रही एक पटाखा दुकान में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा।



टीम को दुकान में पटाखों का बड़ा भंडार मिला। लाइसेंस मांगे जाने पर दुकानदार कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद प्रशासन ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। अनुमंडल अग्निशमन अधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने दुकान की जांच की। अधिकारियों ने भंडारण, बिक्री और सुरक्षा संबंधी कागजातों की जांच की, जिसमें दुकान बिना वैध लाइसेंस के चलती पाई गई।
अधिकारियों का कहना है कि दुकान घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में है। ऐसे में पटाखों का जमा होना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। सुनंदा कुमारी ने बताया कि दुकानदार पटाखा व्यवसाय का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर पाया। पूरी जांच रिपोर्ट सदर अनुमंडल अधिकारी को भेज दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि दुकान की भौतिक जांच पूरी हो चुकी है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई चल रही है।
यह भी पढ़ेंग्रामीण इलाकों में भी खुलेगा ब्लड बैंक
इस छापे के बाद शहर के रिहायशी इलाकों में चल रही पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि कई जगहों पर निर्धारित सुरक्षा नियमों की अनदेखी हो रही है। पटाखे बेहद ज्वलनशील होते हैं। घनी आबादी के बीच असुरक्षित भंडारण आग या विस्फोट जैसी घटना का कारण बन सकता है।
सीवान की घटना के बाद बक्सर में हुई यह कार्रवाई सुरक्षा जांच की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि शहर की अन्य दुकानों पर कार्रवाई और व्यापक जांच को लेकर प्रशासन की ओर से अभी कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट पर क्या कार्रवाई होती है और अन्य पटाखा दुकानों की सुरक्षा जांच के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।




