रविवार, 22 नवंबर 2026
ताज़ा
पंचकोशी परिक्रमा: सड़कें और सुविधाएं फिर से सवालों में खरवार समाज ने मनाई बिरसा मुंडा की जयंती मनाई पंचकोशी मेला की तैयारियों को लेकर विधायक ने किया का निरीक्षण घने कोहरे के चलते यातायात पड़ा धीमा बक्सर से भागलपुर तक छह लेन एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज: सांसद एशियन चैंपियनशिप में बक्सर की बेटी ने जीते तीन पदक आपसी विवाद में भाई को गोली मारी पत्रकारों पर मानहानि का दावा सरासर गलतः माले
स्थानीय

पंचकोशी परिक्रमा: सड़कें और सुविधाएं फिर से सवालों में

बक्सर में भगवान राम से जुड़ी पंचकोशी परिक्रमा 29 नवंबर से शुरू होने जा रही है। पांच दिन तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने वाले हैं। परिक्रमा के दौरान वे अहिरौली, नदांव, भभुअर, बड़का नुआंव और चरित्रवन समेत पांच प्रमुख पड़ावों का दर्शन करेंगे।

इन पवित्र स्थलों तक जाने वाले मार्गों की हालत खराब है। कई जगह गड्ढे भरे पड़े हैं तो कहीं जल जमाव और गंदगी की समस्या बनी हुई है। श्रद्धालुओं के ठहरने, शुद्ध पेयजल और साफ-सफाई की स्थायी व्यवस्था भी इन स्थानों पर मौजूद नहीं है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष परिक्रमा के समय व्यवस्था सुधारने के आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन आयोजन समाप्त होते ही समस्याएं जस की तस रह जाती हैं। पांचों पड़ावों पर ठहरने की उचित व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता की कमी लंबे समय से बनी हुई है। संपर्क मार्ग भी कई जगहों पर ठीक नहीं हैं।

17 नवंबर को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में परिक्रमा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई थी। बैठक में पांचों स्थानों पर सफाई अभियान चलाने, शुद्ध पानी, बिजली और शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने के साथ प्रवेश-निकास द्वार, सौंदर्यीकरण, चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया था। अब देखना यह है कि 29 नवंबर से पहले इन निर्देशों पर कितना अमल होता है।

यह भी पढ़ेंखरवार समाज ने मनाई बिरसा मुंडा की जयंती मनाई

बक्सर निवासी डॉ. एसएन सिंह ने कहा कि मौजूदा हालात धार्मिक आस्था को चोट पहुंचा रहे हैं। अहिरौली हो या नदांव, कहीं भी श्रद्धालुओं के ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं दिखती। धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। पैदल या वाहन से आसानी से पहुंचने के लिए बेहतर संपर्क मार्ग जरूरी हैं।

स्थानीय निवासी विमल कुमार ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि इन धार्मिक स्थलों और सड़कों के विकास के बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीत के बाद स्थिति में सुधार नहीं होता। कई जगह हालत और बिगड़ जाती है। उन्होंने कहा कि नेता बदलते रहते हैं, पर व्यवस्था जस की तस बनी रहती है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि पंचकोशी परिक्रमा के पांचों पड़ावों का विकास सिर्फ आयोजन के समय तक सीमित न रहे। पूरे साल सड़क मरम्मत, सफाई, पेयजल, शौचालय और ठहरने की स्थायी व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि बक्सर की इस धार्मिक विरासत को पर्यटन के रूप में भी पहचान मिल सके।

अपनी राय दें

आपका ईमेल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।