द जनमित्र डेस्क
बक्सर के चौसा नगर पंचायत में रविवार को खरवार समाज ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पखवाड़ा मनाया। कार्यक्रम में उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके जीवन संघर्ष और योगदान को स्मरण किया गया। जनजातीय संस्कृति परंपरा और अधिकारों की रक्षा का संकल्प भी लिया गया।



एसटी आयोग के सदस्य राजू खरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस संघर्ष और सामाजिक चेतना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा आदिवासी समुदाय को एकजुट किया। जल जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका संघर्ष इतिहास में अमर रहेगा।
राजू खरवार ने आगे कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागृत किया और अन्याय व शोषण के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया। उनका आंदोलन किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं था बल्कि देश की स्वतंत्रता और सामाजिक अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा था। नई पीढ़ी को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा ग्रहण करनी चाहिए।
वक्ताओं ने याद दिलाया कि केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया है। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मान देना तथा उनकी संस्कृति भाषा कला और परंपराओं को संरक्षित रखना है। जयंती पखवाड़े के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास और महापुरुषों के बलिदान से अवगत कराया जा रहा है।
बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन शोषण और आदिवासियों की भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका नारा अबुआ दिशुम अबुआ राज यानी अपना देश अपना राज जनजातीय स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक बन गया। वर्ष 1900 में मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया परंतु उनके विचार और संघर्ष आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।




