सोमवार, 23 नवंबर 2026
ताज़ा
कार्तिक पूर्णिमा: नाव परिचालन पर प्रतिबंध, शहर की यातायात व्यवस्था भी बदली पंचकोशी परिक्रमा: सड़कें और सुविधाएं फिर से सवालों में खरवार समाज ने मनाई बिरसा मुंडा की जयंती मनाई पंचकोशी मेला की तैयारियों को लेकर विधायक ने किया का निरीक्षण घने कोहरे के चलते यातायात पड़ा धीमा बक्सर से भागलपुर तक छह लेन एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज: सांसद एशियन चैंपियनशिप में बक्सर की बेटी ने जीते तीन पदक आपसी विवाद में भाई को गोली मारी
स्थानीय

कार्तिक पूर्णिमा: नाव परिचालन पर प्रतिबंध, शहर की यातायात व्यवस्था भी बदली

बक्सर में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा नदी में नावों के परिचालन पर रोक लगा दी है। यह पाबंदी 23 नवंबर की रात 10 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर तक लागू रहेगी। इस दौरान सिर्फ प्रशासनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े कार्यों के लिए चिह्नित नावों तथा मोटरबोट को ही चलाने की अनुमति होगी।

अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सदर अविनाश कुमार ने आदेश जारी किया है। उनके मुताबिक 24 नवंबर को गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इनमें महिलाएं बच्चे और पुरुष शामिल होंगे। बक्सर के अलावा सीमावर्ती जिलों से भी श्रद्धालु आने की संभावना है। घाटों पर भीड़ 23 नवंबर से ही जुटने लगेगी।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। नाव परिचालन पर लगी रोक का सख्ती से पालन कराया जाएगा। एसडीओ ने अंचल अधिकारियों नगर परिषद बक्सर तथा नगर पंचायत चौसा व इटाढ़ी को आदेश लागू कराने का निर्देश दिया है। प्रतिबंध की जानकारी माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जाएगी। आदेश तोड़ने वाले नाविकों और नाव मालिकों पर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।

उधर गंगा स्नान के लिए जुटने वाली भीड़ को देखते हुए 24 नवंबर को बक्सर शहर की यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय ने इसके लिए रूट प्लान जारी किया है। रात दो बजे से सुबह चार बजे तक बड़े वाहनों ट्रैक्टर और पिकअप के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद या सीमित कर दी गई है।

यह भी पढ़ेंपंचकोशी परिक्रमा: सड़कें और सुविधाएं फिर से सवालों में

ज्योति चौक से थाना चौक तक सिर्फ दोपहिया वाहनों को आने जाने की अनुमति होगी। थाना चौक से नाथ बाबा पुल रामरेखा घाट होते हुए पीपी रोड और पुराना सदर अस्पताल तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। मुनीम चौक से जमुना चौक ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक तक सिंडिकेट से जमुना चौक होते हुए थाना चौक तक और मठिया पुल से मुनीम चौक तक भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

चारपहिया वाहनों के लिए दो रास्ते निर्धारित किए गए हैं। पहला रूट गोलंबर से बाइपास ज्योति चौक आईटीआई रोड और मठिया मोड़ होते हुए दानी कुटिया तक रहेगा। दूसरा रास्ता गोलंबर से ज्योति चौक और अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी रोड तक जाएगा।

ई रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए तीन रूट तय किए गए हैं। पहला रास्ता गोलंबर से बाइपास और ज्योति चौक होते हुए स्टेशन तक रहेगा। दूसरा ज्योति चौक से आईटीआई रोड नाथ बाबा और नहर होते हुए वापस ज्योति चौक तक जाएगा। तीसरा रास्ता ज्योति चौक से अंबेडकर चौक बाजार समिति और नया बाजार होते हुए मठिया मोड़ तक निर्धारित किया गया है।

ट्रैक्टर पिकअप बस और चारपहिया वाहनों के लिए हवाई अड्डा मैदान आईटीआई मैदान बाजार समिति गोलंबर पार्किंग स्थल और इटाढ़ी गुमटी से पहले दक्षिण तरफ रेलवे मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चारपहिया तिपहिया और मोटरसाइकिल के लिए किला मैदान तथा उसके पीछे पार्किंग स्थल तय किया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मरीजों एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर नो एंट्री लागू नहीं होगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने साथ रेलवे टिकट लेकर ही घर से निकलें। आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करने को कहा गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है ताकि गंगा स्नान के दौरान शहर में जाम की स्थिति न बने।

अपनी राय दें

आपका ईमेल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।