द जनमित्र डेस्क
नगर थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले में चार वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। यह घटना शुक्रवार सुबह घटी। पीड़ित पक्ष ने सोमवार को महिला थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले 45 साल के विवाहित आरोपी बबलू अंसारी को हिरासत में ले लिया।



परिवार का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब छह से सात बजे बच्ची घर के बाहर बरामदे में रखी चौकी पर दूसरी बच्ची के साथ खेल रही थी। उसी समय आरोपी बबलू उसे फुसलाकर जबरन हरकत करने की कोशिश करने लगा। नहाने के दौरान बच्ची ने निजी हिस्से में दर्द की बात कही। मां के पूछने पर उसने पूरा वाकया और आरोपी का नाम बता दिया।
शुरुआत में परिवार पुलिस में शिकायत करने के मूड में नहीं था। जब वे आरोपी के घर पहुंचे और शिकायत की तो वहां गाली-गलौज का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करा दी। महिला थाना की प्रभारी प्रतिभा कुमारी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बच्ची की मेडिकल जांच पूरी कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।




