बुधवार, 18 नवंबर 2026
ताज़ा
बक्सर से भागलपुर तक छह लेन एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज: सांसद एशियन चैंपियनशिप में बक्सर की बेटी ने जीते तीन पदक जीते आपसी विवाद में भाई को गोली मारी पत्रकारों पर मानहानि का दावा सरासर गलतः माले चार साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश आमने-सामने की टक्कर में तीन बाइक सवार जख्मी छठ पर्व: रामरेखा घाट पर दिखाया गया लेजर शो छठ पर्व पर दिव्यांग केंद्र में पूजा सामग्री का वितरण
स्थानीय

एशियन चैंपियनशिप में बक्सर की बेटी ने जीते तीन पदक जीते

संयुक्त अरब अमीरात में हाल ही में संपन्न 15वीं एएमपीसी एशियन बायथलॉन, ट्रायथलॉन और लेजर रन एशियन चैंपियनशिप 2026 में बक्सर जिले की चांदनी कुमारी ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल कर अपनी धाक जमाई। उनके भाई चंदन कुमार साहनी ने भी दो रजत पदक जीते। बुधवार को दोनों खिलाड़ी बक्सर लौटे तो रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

कम्हरिया गांव के इन भाई-बहन के स्वागत के लिए स्थानीय लोग, शुभचिंतक और खेल अनुरागी बड़ी संख्या में स्टेशन पर पहुंचे। ढोल-नगाड़े और फूलमालाओं के साथ उन्हें स्टेशन से गांव तक रथयात्रा की तरह ले जाया गया।

स्वागत समारोह के दौरान चांदनी ने अपने संघर्ष की याद ताजा की। उन्होंने बताया कि खेल के लिए मैदान में उतरने पर गांव में कई लोग ताना कसते थे। कुछ तो कह देते थे कि शादी के योग्य उम्र में बेटी को दौड़ाया जा रहा है। लेकिन उनके पिता जंग बहादुर साहनी ने कभी हतोत्साहित नहीं किया। चांदनी ने कहा कि पिता के विश्वास और अपनी निरंतर मेहनत के बल पर वे यहां तक पहुंच पाईं। अब उनका लक्ष्य देश के लिए और पदक जीतना है।

जंग बहादुर साहनी ने बताया कि चांदनी का जन्म गंगा के किनारे बनी एक झोपड़ी में हुआ था। परिवार का पालन-पोषण भी वहीं हुआ। घर का खर्च चलाने के लिए वे सिर पर मछली की टोकरी रखकर बेचने जाते थे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी कई मौकों पर बेटी से खेल छोड़ने की बात कहती थीं, लेकिन उन्होंने हमेशा चांदनी को प्रोत्साहित किया कि जो मन हो वही करें, परिवार उनका साथ देगा।

यह भी पढ़ेंबक्सर से भागलपुर तक छह लेन एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज: सांसद

भाई चंदन कुमार साहनी ने कहा कि लगभग दो दशक की कड़ी मेहनत के बाद मिली यह सफलता और गांव लौटने पर मिला सम्मान उन्हें नई ऊर्जा दे रहा है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार और गांव के लोगों को दिया।

कमरपुर पंचायत के समाजसेवी अरविंद शुक्ला उर्फ रिंकू शुक्ला ने दोनों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अभिनेता आमिर खान का वह संवाद याद आ रहा है जिसमें कहा गया था कि मेरी बेटियां बेटों से किसी भी मामले में कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि गांव के इन भाई-बहन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है। पंचायत का कोई भी प्रतिभाशाली युवा आगे बढ़ना चाहे तो हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

दोनों खिलाड़ियों का चयन मॉडर्न पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया ने जून 2026 में अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन और रैंकिंग के आधार पर भारतीय टीम में किया था। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के इन दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल पांच पदक जीतकर लौटने से पूरे जिले के खेल प्रेमियों में गर्व और उत्साह का माहौल बन गया है।

अपनी राय दें

आपका ईमेल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।