द जनमित्र डेस्क
बक्सर। शनिवार सुबह जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत नुआंव गांव के पास एक कार सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर और मिक्सर मशीन से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।



दुर्घटना में शामिल कार में सवार सभी यात्री उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी थे। वे देवघर दर्शन कर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान राजीव दीक्षित (40) और पिहू कुमारी (14) के रूप में हुई है। घायलों में मृतक की पत्नी ज्योति (35), प्रियंका कुमारी (38) और आशुतोष कुमार (41) शामिल हैं। ज्योति को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है जबकि बाकी घायलों को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। एयरबैग खुला हुआ है। सड़क पर एक युवक का शव पड़ा है तथा कार के दाहिने हिस्से से एक महिला का शव लटकता हुआ दिख रहा है। गाड़ी में रखा सामान सड़क पर बिखरा पड़ा है।
यह भी पढ़ेंचिलहरी गांव में दो पक्षो में विवाद, फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शी कृष्णा शर्मा के अनुसार आर्टिगा कार पटना दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक नियंत्रण खोकर वह सड़क निर्माण कार्य में लगे मिक्सर मशीन वाले ट्रक से जा टकराई। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे।
कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस को चार-पांच नाम मिले हैं, लेकिन नामों की सही पहचान अभी प्रक्रियाधीन है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
बता दें कि डीटीओ कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक बक्सर जिले में जनवरी से सितंबर तक 700 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई हैं। इन नौ महीनों में 112 लोगों की जान जा चुकी है।




