शिक्षा

स्नातक परीक्षा तैयारियां शुरू, फॉर्म और शेड्यूल जारी

Spread the love

द जनमित्र | शशि

जिले में स्नातक सत्र 2023-27 के सेमेस्टर 4 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने का सिलसिला जोरों पर है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय ने इस सत्र की सेमेस्टर 4 परीक्षा के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की तारीखें घोषित कर दी हैं। छात्र बिना किसी देरी शुल्क के 30 अप्रैल तक फॉर्म जमा कर सकते हैं, और इसके लिए पोर्टल भी खोल दिया गया है। फॉर्म भरने की प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। विश्वविद्यालय का परीक्षा विभाग सत्र को नियमित रखने के लिए चार साल के स्नातक कोर्स के सेमेस्टर 2 और सेमेस्टर 4 की परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गया है। सेमेस्टर 2 के छात्रों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड जारी होने से पहले अपने विषयों का चयन या बदलाव हर हाल में कर लें, वरना बाद में कोई फेरबदल संभव नहीं होगा।


दूसरी तरफ, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय ने स्नातक सेमेस्टर 2 सत्र 2024-28 की परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। यह परीक्षा 2 से 10 मई तक दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक, और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इसमें करीब 90 हजार छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। परीक्षा के लिए भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर जिलों में 65 केंद्र बनाए गए हैं, जिनकी सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनवारुल हक अंसारी ने बताया कि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। साथ ही, प्रैक्टिकल परीक्षाएं 24 से 30 अप्रैल तक सभी कॉलेजों में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Comment here