द जनमित्र डेस्क
धनसोई के अध्ययन एकेडमी में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स सेलिब्रेशन और फूड फेस्ट का समापन शनिवार को भव्य उत्साह के बीच संपन्न हुआ। 13 नवंबर से शुरू हुए इस रंगारंग आयोजन में सैकड़ों छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया, जहां खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और स्वादिष्ट व्यंजनों का अनोखा संगम देखने को मिला। समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत 13 नवंबर को ध्वजारोहण और उद्घाटन समारोह के साथ हुई, जिसमें विद्यालय निदेशक ई. अनुप पाठक और प्रधानाचार्य ने शिरकत की। निदेशक अनूप पाठक ने उद्घाटन संदेश में कहा, “ऐसे आयोजन छात्रों में टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्म-अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। मैं सभी प्रतिभागियों से अपील करता हूं कि पूरे जोश और खेल भावना के साथ इसमें भाग लें।” उनके शब्दों ने माहौल में नई ऊर्जा का संचार कर दिया।
तीन दिनों तक चले खेल मुकाबलों ने परिसर को उत्साह के रंग में रंग दिया। क्रिकेट, रिले रेस, कबड्डी, बैडमिंटन, खो-खो, लंबी कूद और रस्साकशी जैसे इवेंट्स में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। क्रिकेट मैचों में कई युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं, जबकि मैदान पर अभिभावकों की मौजूदगी ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। इन खेलों ने न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा दिया, बल्कि सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित किया।
आयोजन का एक अन्य प्रमुख आकर्षण फूड फेस्ट रहा, जहां छात्रों और अभिभावकों द्वारा सजाए गए स्टॉल्स ने सबके स्वाद का ख्याल रखा। पारंपरिक व्यंजनों से लेकर चाट-पकौड़े, मिठाइयों, आधुनिक फास्ट फूड तक—सब कुछ उपलब्ध था। विशेष रूप से स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों जैसे फल-सलाद और जूस ने भी खासी लोकप्रियता हासिल की, जो आयोजन की विविधता को दर्शाता है।
15 नवंबर को हुए समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया। प्राचार्य ने कहा कि इस सफलता का पूरा श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सक्रिय सहयोग को जाता है। आयोजन ने न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि सामुदायिक एकजुटता को भी मजबूत किया। अध्ययन एकेडमी के निदेशक ने भविष्य में ऐसे और बड़े आयोजनों की योजना बताई, जो छात्रों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होंगे।

Comment here