द जनमित्र डेस्क
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के शाहीपुर गांव में गुरुवार को दो दिनों से लापता युवक के शव मिलने से मातम छा गया। गांव के दक्षिणी बधार स्थित एक बगीचे में युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान गांव के बबन सिंह कोईरी के 25 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका व्यक्त की है।



गोलू कुमार सिंह पिछले दो दिनों से घर से गायब था। उसके अचानक लापता होने के बाद परिवार वाले लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को बगीचे में शव मिलने की खबर से परिवार पर गहरा सदमा पहुंचा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। इटाढ़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
परिजनों के अनुसार गोलू का पड़ोसी गांव के कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद को घटना से जोड़ते हुए परिवार का मानना है कि युवक की हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। युवक अपने पीछे एक छोटा बेटा छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इटाढ़ी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। परिजनों से मिली जानकारी और घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




