द जनमित्र डेस्क
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को बक्सर नगर के गंगा घाटों पर आस्था और भक्ति का अनोखा दृश्य देखने को मिला। देव दीपावली के मौके पर पौराणिक रामरेखा घाट नाथ बाबा घाट सती घाट अहिरौली घाट और सारीमपुर के कालीघाट समेत शहर के विभिन्न गंगा घाट अनगिनत दीपों की रोशनी से दमक उठे। दीपों की इस झिलमिल रोशनी से मां गंगा का तट अलौकिक प्रतीत हो रहा था।



उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दीपदान किया। मुख्य समारोह रामरेखा घाट पर संपन्न हुआ जहां जिला एवं सत्र न्यायाधीश काजल झांब सहित कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान गंगा आरती सेवा समिति के मुख्य पुजारी अमरनाथ पांडेय कपिल मुनि पांडेय और धनजी तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा की भव्य महाआरती की और विश्व कल्याण की कामना की। जो श्रद्धालु घाटों तक नहीं पहुंच सके उन्होंने अपने घरों में दीप जलाकर इस पर्व को मनाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्वानों ने श्रद्धालुओं को इस पर्व का पौराणिक महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। इस विजय से प्रसन्न होकर सभी देवी देवताओं ने पृथ्वी पर अवतरित होकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से इस दिन को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। इसका उल्लेख महाभारत के कर्ण पर्व में भी मिलता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
कथा के अनुसार कार्तिकेय द्वारा तारकासुर के वध के बाद उसके तीन पुत्रों तारकाक्ष कमलाक्ष और विद्युन्माली ने ब्रह्मा जी से तपस्या कर ऐसा वरदान मांगा कि उनकी मृत्यु लगभग असंभव हो गई। तीनों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान शिव ने एक दिव्य रथ का निर्माण किया जिसमें पृथ्वी रथ सूर्य चंद्रमा पहिए मेरु पर्वत धनुष वासुकी नाग प्रत्यंचा और स्वयं भगवान विष्णु बाण बने। अभिजित नक्षत्र में जब तीनों असुरों की पुरियां एक सीध में आईं तब महादेव ने एक ही बाण से उन्हें भस्म कर दिया। इसी के बाद भगवान शिव त्रिपुरारी कहलाए।
इस भव्य आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समाज के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इनमें नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी रेडक्रॉस सचिव डॉ श्रवण कुमार तिवारी भाजपा नेता सौरभ तिवारी महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष कंचन देवी बड़ी मठिया के प्रबंधक केदारनाथ ओमजी यादव सामाजिक कार्यकर्ता सुप्रभात गुप्ता पप्पू राय और दुर्गेश उपाध्याय आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




