द जनमित्र डेस्क
बक्सर के इटाढ़ी थाना अंतर्गत बैरी गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई। इस हमले में तीन व्यक्ति घायल हुए। घायलों को बक्सर सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी में जुटी है।



गांव में पट्टीदारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था। मंगलवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। राजा तिवारी के बेटे 45 वर्षीय पवन तिवारी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान जयप्रकाश तिवारी, मनीष तिवारी, चुन्नू तिवारी, श्रीमन नारायण तिवारी, श्याम नारायण तिवारी समेत करीब दस लोगों के समूह ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली पवन की कमर में जा लगी।
गोली की आवाज सुनकर पवन के चचेरे भाई 30 वर्षीय बृजनंदन तिवारी और पिता जगदीश तिवारी मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने उन पर भी गोलियां चलाईं। बृजनंदन के पैर में गोली लगी। इसके बाद राजा तिवारी के दूसरे बेटे 50 वर्षीय बुल्लू उर्फ बिल्लू तिवारी भी वहां पहुंच गए। उन्हें पेट में गोली लग गई।
परिजनों ने तीनों घायलों को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि बृजनंदन तिवारी, बिल्लू तिवारी और पवन तिवारी को गोली लगी थी। तीनों को उचित इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और मुफस्सिल थानाध्यक्ष समेत पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोग घायल हुए। घायलों से पूछताछ की जा चुकी है। उन्होंने कुछ आरोपियों के नाम बताए हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।




