द जनमित्र डेस्क
बक्सर में एक महत्वपूर्ण फैसले में अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही जिले में पहली बार दोषी के आश्रित परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया है।
एडीजे छह सह पाक्सो कोर्ट के विशेष न्यायाधीश अमित कुमार शर्मा ने नालसा की स्प्रोहा योजना के तहत यह आदेश पारित किया है। आरोपित परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था और उसकी आर्थिक हालत बेहद कमजोर है।



मामला वर्ष 2016 का है। डुमरांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय दिव्यांग नाबालिग के साथ पड़ोस के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा था। करीब 10 साल चली सुनवाई के बाद अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को दोषी करार दिया। उसे 10 वर्ष के कठोर कारावास और एक हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जुर्माना नहीं चुकाने पर दोषी को एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
मामले में डीएनए रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को अदालत ने महत्वपूर्ण माना। इन्हीं के आधार पर आरोपित को दोषी ठहराया गया।
इस फैसले का एक खास पहलू दोषी के परिवार को आर्थिक सहायता देने का आदेश है। अदालत ने पाया कि आरोपित परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी सजा के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट आ सकता है। इसी स्थिति को देखते हुए अदालत ने परिवार के लिए सहायता की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।




