अपराध

बक्सर में दिनदहाड़े लूट की घटना

Spread the love

द जनमित्र न्यूज डेस्क

बक्सर के मुरार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना ने सबको चौंका दिया। दंगौली गांव की रामस्वर्णो देवी, जिनके पति सुनील राम विदेश से पैसे भेजते हैं, शुक्रवार को बैंक से 30 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं। लेकिन रास्ते में उनकी किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि सारा पैसा लुट गया।
बात कुछ यूं है कि रामस्वर्णो ने चौगाई के ग्रामीण बैंक से 20 हजार और वहां के सीएसपी से 10 हजार रुपये निकाले। पैदल ही गांव की ओर चल पड़ीं। दोपहर का वक्त था, जब वो मसाहरिया गांव के पास एक सुनसान जगह पर पहुंचीं। तभी तीन नकाबपोश बदमाशों ने पीछे से उनकी गर्दन दबाई, थैला छीना और फुर्र हो गए। बेचारी रामस्वर्णो सदमे में बेहोश होकर सड़क किनारे गिर पड़ीं।
राहगीरों ने उन्हें बेसुध देखा तो डायल 112 पर खबर की। पुलिस फटाफट मौके पर पहुंची और रामस्वर्णो को चौगाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। उनके ससुर भरत राम ने बताया कि बहू 30 हजार रुपये लेकर आ रही थी, तभी बदमाशों ने लूट लिया।
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब पुलिस ने जांच शुरू की। मुरार थानाध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि बैंक में जाकर चेक किया, तो वहां रामस्वर्णो के किसी लेन-देन का कोई सबूत नहीं मिला। न ट्रांजैक्शन, न रिकॉर्ड! पुलिस को महिला का बयान और बैंक रिकॉर्ड में गड़बड़झाला दिख रहा है। अब मामले की गहरी छानबीन हो रही है।
रामस्वर्णो ने अभी तक थाने में लिखित शिकायत नहीं दी, लेकिन पुलिस उनका बयान दोबारा दर्ज करने की बात कह रही है। नचाप पंचायत के मुखिया वीर सिंह का कहना है कि उनके इलाके में ऐसी घटना पहली बार हुई। वो मानते हैं कि कोई बाहरी असामाजिक तत्व इस वारदात के पीछे हो सकता है।
अब देखना ये है कि पुलिस की जांच क्या रंग लाती है और इस लूट के रहस्य से पर्दा कब उठता है।

Comment here