द जनमित्र क्राइम डेस्क
एकतरफा प्यार की दीवानगी में एक युवक ने मंगलवार को फिल्मी अंदाज में सड़क पर तमाशा खड़ा कर दिया। नया भोजपुर ओवरब्रिज के पास वकील कुमार नाम का यह शख्स अपनी कथित प्रेमिका को ई-रिक्शा से जबरदस्ती उतारने की कोशिश में था। जब लड़की ने उसकी बात नहीं मानी, तो गुस्से में आगबबूला युवक ने पिस्टल निकालकर हवा में गोली दाग दी। बस, फिर क्या था—इलाके में हड़कंप मच गया। डरी-सहमी लड़की किसी तरह जान बचाकर भागने लगी, मगर युवक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और पिस्टल के बट से वार कर उसे जख्मी कर डाला।




हंगामा बढ़ता देख आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाई और आरोपी को धर दबोचा। इसके बाद उसे नया भोजपुर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल और कारतूस बरामद किए। आरोपी की शिनाख्त डुमरांव दक्षिण टोला के रामनिवास सिंह के बेटे वकील कुमार के रूप में हुई। घायल लड़की को भी थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
बताया जाता है कि वकील का धरहरा गांव की इस युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों दूर के रिश्तेदार हैं और रिश्ते में भाई-बहन जैसे लगते हैं। उस दिन युवती बीए सेमेस्टर टू की परीक्षा देने डुमरांव आई थी। परीक्षा के बाद वह ई-रिक्शा से नया भोजपुर लौट रही थी, तभी ओवरब्रिज के पास टीवीएस शोरूम के सामने वकील पहले से पिस्टल लेकर घात लगाए खड़ा था। जैसे ही युवती वहां पहुंची, उसने हथियार लहराकर उसे उतरने को कहा। लड़की के इनकार करने पर उसने गोली चला दी। दहशत में आई युवती भागने की कोशिश में दूसरी गाड़ी की ओर दौड़ी, लेकिन वकील ने पीछा कर उसके सिर पर पिस्टल का बट दे मारा।
इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लोग ्युवक के इस गुंडागर्दी से हैरान थे और रिश्ते की मर्यादा तोड़ने पर गुस्सा भी जाहिर कर रहे थे। पुलिस हिरासत में वकील ने कबूला कि लड़की पहले उससे प्यार करती थी, लेकिन अब किसी और से बात करने लगी थी, जिससे वह आगबबूला हो गया।
नया भोजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा मिला है। पिस्टल के बट पर खून के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह हथियार उसे कहां से मिला। लड़की के परिवार को सूचना दे दी गई है और उससे पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी।

Comment here