अपराध

कोर्ट परिसर से शराब तस्कर फरार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिला मुख्यालय स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर से रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस अभिरक्षा से लाया गया कुख्यात शराब तस्कर हथकड़ी लगे हाथों के साथ फरार हो गया। घटना दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

चक्की थाना अंतर्गत ब्रह्मपुर क्षेत्र के गायघाट निवासी सरबजीत बिंद उर्फ लम्बू (उम्र करीब ३५ वर्ष) पर शराब तस्करी का मामला दर्ज है। रविवार को पेशी के लिए उसे चक्की थाना के अवर निरीक्षक शंभु शरण और चौकीदार सुरेंद्र यादव कोर्ट लाए थे।

नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दारोगा शंभु शरण कोर्ट के कार्यालय में कागजी कार्रवाई में व्यस्त थे, जबकि बाहर चौकीदार सुरेंद्र यादव आरोपी की हथकड़ी से बंधी रस्सी थामे बैठे थे। कोर्ट परिसर में रविवार होने के बावजूद भारी भीड़ थी। प्राथमिकी में पुलिस ने दावा किया है कि भीड़ के शोरगुल में चौकीदार का ध्यान भटका और इसी मौके का फायदा उठाकर शातिर सरबजीत ने रस्सी खोल ली तथा हाथों में हथकड़ी लगी हालत में ही भाग निकला।

चौकीदार ने शोर मचाते हुए पीछा किया, लेकिन भीड़ का लाभ उठाकर आरोपी कुछ ही पलों में ओझल हो गया। हथकड़ी उसके हाथों में लगी रह गई।

घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस महकमे में हड़कंप है और फरार आरोपी की तलाश के लिए कई थानों की टीम को लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा लापरवाही बरतने वाले दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही जा रही है।

जिले में पिछले कुछ महीनों में अभिरक्षा से फरार होने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर उंगलियां उठने लगी हैं।

Comment here