द जनमित्र न्यूज डेस्क
सिकरौल थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गाँव में जमीनी विवाद के चलते एक किसान की मौत का मामला प्रकाश में आया है। खबरों की मानें तो तीन डिसमिल जमीन के लिए दबंगों ने 64 वर्षीय रामाज्ञा यादव को होलिका दहन से एक दिन पहले दरवाजे पर बाँधकर बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल रामाज्ञा को पुलिस ने अस्पताल पहुँचाया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गाँव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।


स्थानीय लोगों के अनुसार, किसान रामाज्ञा यादव का कुछ समय से गाँव के ही कुछ दबंगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों रामएकबाल यादव, मुरारी यादव व अन्य ने उन्हें दरवाजे पर बाँधकर बेहरमी से पीट दिया। सूचना मिलने पर पहुँची डायल 112 की पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पुलिस पहले कार्रवाई करती, तो किसान की जान बच सकती थी। इस घटना के बाद गाँव में तनाव व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुंगाव पंचायत के मुखिया इंदल सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की माँग की। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों को स्थानीय विधायक का संरक्षण प्राप्त है जिन्होंने थाना पर दबाव बनाकर पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने से रोका। उन्होंने माँग की है कि रामएकबाल यादव, मुरारी यादव सहित अन्य आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो।

Comment here