अपराध

चोरी और लूट की गाड़ियों की खरीद – बिक्री करने वाले पांच हुए गिरफ्तार

Spread the love

चोरी और लूट की गाड़ियों की खरीद-बिक्री और फर्जी कागजात बनाने वाले गैंग के पांच सदस्य को बक्सर पुलिस ने किया गिरफ्तार. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही है पूछताछ. हो सकते हैं और भी खुलासे.

द जनमित्र | डेस्क

बक्सर : नए साल में बक्सर पुलिस का काम करने का अंदाज भी नया हो गया है. यही कारण है कि पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है. जिले के एसपी मनीष कुमार खुद सड़को पर आधी रात को पेट्रोलिंग करते नजर आ रहे है. जिससे थानेदारों समेत अन्य अधिकारियो की आंखों से नींद उड़ गई है. यही कारण है कि नए साल के पहले ही महीने में पुलिस को कई बड़ी सफलता मिली है. और दर्जनों लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. ताजा मामला डुमराँव अनुमंडल के सिकरौल थाना क्षेत्र की है. सिकरौल थाने की पुलिस ने चोरी और लूट की गाड़ियों की खरीद बिक्री और उनके फर्जी कागजात बनाने वाले गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से गोली मारकर लूटी गई एक बाइक के अलावे, स्कार्पियो, लैपटॉप, एवं कई अहम दस्तावेज पुलिस को मिला है. जिनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है.

जमीन कब्जा कराने के लिए अपराधियो का जुटान होने की मिली थी जानकारी

मिली जानकारी के अनुसार सिकरौल थाना क्षेत्र के घुनसारी गांव में दो पाटीदारों के बीच लम्बे समय से जमीन विवाद चल रहा है. इस विवाद में एक पक्ष की ओर से बाहर से कुछ अपराधियों को बुलाने की गुप्त

सूचना जिले के वरीय पुलिस अधिकारियो को मिली. जिसके बाद वरीय अधिकारियो के निर्देश पर, सिकरौल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच पांच युवकों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से स्कार्पियो वाहन तथा एक बाइक को जब्त किया गया है. बाइक रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मारकर लूटी गई थी.

बक्सर के रहने वाले है सभी अभियुक्त

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घुनसारी गांव के अरविंद यादव उर्फ छोटू, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाबानगर के श्यामु कुमार मिश्रा, नगर थाना क्षेत्र के बुधनपुरवा के कन्हैया यादव, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के मुरारपुर गांव के जयप्रकाश सिंह के साथ सिकरौल थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव के धर्मेंद्र पासवान को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है. धर्मेंद्र पासवान के पास से युवक को गोली मारकर लूटी गई बाइक बरामद की गई है. पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस इनके पूरे गैंग के उद्वेदन का प्रयास कर रही है.

क्या कहते हैं अधिकारी

मामले की जनकारी देते हुए डुमराँव एसडीपीओ अफाख अख्तर अंसारी ने बताया कि, पकड़े गए अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है. जो जानकारी मिलेगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उम्मीद है कि पूछताछ में कुछ और बातें सामने आएंगी. कुछ अपराधियो के जुटान होने की सूचना पुलिस को मिली थी जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है.

आफाक अख्तर अंसारी, एसडीपीओ, डुमरांव

गौरतलब है कि हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड में जिले के सुनसान सड़को पर आधी रात को जिले के पुलिस कप्तान को पेट्रोलिंग करता देख थानेदारों से लेकर तमाम पुलिसकर्मियो के पसीने छूट रहे है. आलम यह है कि जिले के किसी भी सड़क से गुजरने के दौरान कही न कही पुलिस से सामना हो ही जा रहा है. जिसका लोग खूब सराहना कर रहे है.

Comment here