अपराध

वृद्ध को मारी तीन गोलियां, हालत गंभीर.

Spread the love

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला इटाढ़ी थाने का बरुना गांव. वृद्ध को मारी तीन गोलियां, गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए वाराणसी किया गया रेफर. नाली गली के विवाद में हुई है गोलीबारी, पुलिस कर रही है कैम्प.

द जनमित्र | सरिता कुमारी

बक्सर : जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र का बरुना गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा है. नाली गली के विवाद में दो पक्षों में पहले जमकर मारपीट हुई. उसके बाद अचानक गोलीबारी होने लगी. जिससे गांव में अफरातफरी मच गई. इस दौरान एक पक्ष के एक व्यक्ति के पैर में तीन गोलियां लगी है. आनन-फानन में परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने अन्यत्र रेफर कर दिया है. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ धीरज कुमार स्वयं मामले की जांच करने पहुंचे और पीड़ित का बयान लिया. उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में किसी पक्ष से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.

नाली गली के विवाद में चली गोली

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बरुना गांव निवासी शिवकुमार सिंह का अपने पड़ोसियों से नाली बहाने को लेकर विवाद चल रहा था. बीते रात्रि तकरीबन 12 बजे देखते ही देखते पुनः दोनों पक्ष के बीच मारपीट और फिर गोलीबारी होने लगी. इस दौरान शिवकुमार सिंह को नितेश सिंह नामक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर तीन गोलियां मार दी गई. जिसके बाद वह घटना स्थल पर ही गिरकर छटपटाने लगे. आननफानन में परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जंहा से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सको ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया.

क्या कहता है घायल

घायल ने बताया कि नितेश सिंह के साथ-साथ बृजेश सिंह, उमेश सिंह, अमन सिंह और अंकित सिंह उनसे मारपीट करने पहुंचे थे. उन्होंने पहले तो मारपीट की तथा बाद में नितेश सिंह ने गोली चला दी. पहली गोली उनके कनपटी के समीप से होते हुए गुजर गई, लेकिन फिर एक के बाद एक तीन गोलियां चलाई जो उनके पैरों में लगी जिससे वह जमीन पर गिर गए, जिसके बाद और सभी भाग निकले.

क्या कहते हैं अधिकारी

मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि, नाली-गली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है. किसी भी पक्ष के द्वारा लिखित शिकायत नहीं किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. यदि प्राथमिकी के लिए आवेदन किसी भी पक्ष से नहीं दिया जाता है तो पुलिस अपने स्तर से मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी.

गौरतलब है कि जिले में आने वाले नए साल को लेकर पुलिस पूरी तरह से चौकस हैं. उसके बाद भी हुई गोलीबारी की घटना से अधिकारी हैरान है.

Comment here