अपराध

सड़क विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो गंभीर रूप से घायल

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुर नीलामी मोड़ के निकट सोमवार सुबह एक मामूली कहासुनी भयंकर झड़प में बदल गई। ट्रक चालक और स्थानीय ग्रामीणों के एक समूह ने सरकारी शिक्षक तथा उनके भतीजे पर लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से जमकर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी के अनुसार, डुमरी निवासी सरकारी शिक्षक नंदजी सिंह अपने भतीजे अभिषेक कुमार सिंह के साथ बाइक से अरियांव स्थित स्कूल जा रहे थे। अभिषेक को डुमरांव स्टेशन से पटना के लिए ट्रेन पकड़नी थी। काजीपुर नीलामी मोड़ पर एक ट्रक चालक ने बाइक को ओवरटेक करते समय चकमा दे दिया, जिससे बाइक सवार असंतुलित होते-होते बचे।

शिक्षक नंदजी सिंह ने ट्रक चालक को सावधानी से वाहन चलाने की नसीहत दी, जिस पर ट्रक चालक भड़क गया। आरोप है कि उसने तुरंत अपने गांव के लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में करीब दो दर्जन लोग लाठी-डंडे और लोहे के रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और शिक्षक व उनके भतीजे पर बेरहमी से हमला बोल दिया।

हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों की भीड़ जुटने के बाद परिजनों ने उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि अभिषेक कुमार सिंह की हालत गंभीर है और उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस को सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपित ट्रक चालक और अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Comment here