द जनमित्र डेस्क
बहुचर्चित राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शुमार राजा दुबे उर्फ रावण को पटना के सगुना मोड़ इलाके से बक्सर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने धर दबोचा है। इस गिरफ्तारी से जिले में लंबे समय से व्याप्त आशंकाओं और चर्चाओं पर विराम लगने की उम्मीद जगी है।
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि मुफस्सिल थाना कांड संख्या 232/25 के तहत गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने पटना के सगुना मोड़ पर घेराबंदी कर आरोपी को काबू में लिया। भागने की कोशिश के बावजूद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और बक्सर लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में राजा दुबे ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है।

26 मई 2025 को चौसा पावर प्लांट के समीप अखौरीपुर गोला निवासी राजद नेता अर्जुन यादव (पिता स्वर्गीय सुरेंद्र यादव) को अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से जिले में हड़कंप मच गया था और राजनीतिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। विपक्ष ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता करार देते हुए सरकार पर हमला बोला था।

SIT जांच में खुली परतें
हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। SIT ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच से पता चला कि हत्या आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ी थी। अब तक मामले में कुल आठ अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि गिरफ्तार आरोपियों की पूछताछ से राजा दुबे की प्रमुख भूमिका सामने आई थी।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
राजा दुबे उर्फ रावण, निवासी सिकटौना गांव, थाना ईटाढ़ी, जिला बक्सर, लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ लूट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह बक्सर से बनारस तक दहशत फैलाने वाला शातिर अपराधी था और ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
टीम की सराहना
इस सफलता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गौरव पाण्डेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभु भगत, जिला आसूचना इकाई प्रभारी सुधीर कुमार सहित कई अधिकारियों और बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने टीम के समन्वित प्रयासों की सराहना की।
बाकी फरार आरोपियों की तलाश
एसपी शुभम आर्य ने कहा कि मामले की पूरी जांच जारी है। कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
राजनीतिक-सामाजिक हलकों में इस गिरफ्तारी से मामले का पूरा सच सामने आने की उम्मीद बढ़ गई है। आमजन ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


Comment here