द जनमित्र डेस्क
उत्पाद विभाग की टीम ने वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर एक बड़ी शराब तस्करी को नाकाम कर दिया। उत्तर प्रदेश से गंगा पुल के रास्ते बिहार में प्रवेश कर रही एक कार से 650 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस मामले में कार चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निवासी नीतीश यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि यह शराब बिहार के छपरा जिले पहुंचाई जानी थी।
उत्पाद विभाग के अनुसार, कार की सीटों, दरवाजों के गेट और बॉडी के विभिन्न हिस्सों में चालाकी से छिपाकर 180 मिलीलीटर की कुल 650 बोतलें रखी गई थीं। बाहर से देखने पर कार पूरी तरह सामान्य लग रही थी, लेकिन संदेह होने पर टीम ने गहन तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में शराब बरामद हो गई।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि तस्कर बेहद सावधानी से शराब की खेप लेकर आ रहा था। विभाग की सतर्कता के कारण उसे सफलतापूर्वक पकड़ा गया। बरामद पूरी शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


Comment here