राजकाज

जितिया पर्व पर गंगा स्नान के मद्देनजर यातायात व्यवस्था बदली

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जितिया त्योहार के दिन गंगा में स्नान करने के लिए बक्सर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने वाले हैं। भीड़ को संभालने के मकसद से जिला पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में फेरबदल किया है। तीन अक्टूबर को सुबह चार बजे से शाम पांच बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।

पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय बक्सर ने एक अक्टूबर को इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। इस दौरान ज्योति चौक से थाना चौक, थाना चौक से नाथ बाबा पुल और थाना चौक से रामरेखा घाट होते हुए पीपी रोड तक के रास्तों पर दोपहिया छोड़कर बाकी सभी वाहनों का प्रवेश या तो पूरी तरह बंद रहेगा या सीमित रहेगा।

चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। एक रूट गोलंबर से सिंडिकेट, बाइपास, बस स्टैंड, ज्योति चौक, डीएवी मोड़, अंबेडकर चौक, स्टेशन, आईटीआई रोड और मटिया मोड़ होते हुए चौसा की तरफ जाएगा। दूसरा विकल्प अंबेडकर चौक से डीएवी मोड़, ज्योति चौक, पुल से पहले नहर रोड, नहर रोड, नाथ बाबा और किला मैदान के रास्ते से गुजरेगा। किला मैदान से पुलिस चौकी होते हुए ज्योति चौक तक भी वाहनों का संचालन इसी निर्धारित मार्ग से होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग के इंतजाम भी किए गए हैं। ट्रैक्टर, पिकअप, चार पहिया और मोटरसाइकिलों के लिए किला मैदान, उसके पीछे का इलाका, सिंडिकेट और बाजार समिति क्षेत्र में पार्किंग की जगह निर्धारित की गई है।

रोगी, एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों पर नो-एंट्री का नियम लागू नहीं होगा। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे टिकट साथ लेकर ही घर से निकलें। आम लोगों से भी कहा गया है कि अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहन न निकालें। तीन अक्टूबर को सुबह चार बजे से रात दस बजे तक बड़े वाहन, ट्रैक्टर और पिकअप के लिए शहर में नो-एंट्री रहेगी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं और ड्राइवरों से निर्धारित रूट और पार्किंग नियमों का पालन करने की अपील की है ताकि जितिया के मौके पर गंगा स्नान के लिए आने वाले लोगों को कोई दिक्कत न हो।

Comment here