मंगलवार, 3 नवंबर 2026
ताज़ा
चिलहरी गांव में दो पक्षो में विवाद, फायरिंग धनतेरस और दीपावली में ट्रैफिक पुलिस का खास प्लान बर्बाद फसल के लिए मुआवजे की मांग पंचकोसी परिक्रमा 29 नवंबर से, लिट्टी-चोखा 3 दिसंबर को नदी के पास मिले शव की शिनाख्त हुई सदर अस्पताल में इलाज व्यवस्था पर जज ने सिविल सर्जन से मांगा जवाब कांव नदी किनारे मिला अज्ञात शव, पहचान में उलझन सफाईकर्मियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
राजकाज

धनतेरस और दीपावली में ट्रैफिक पुलिस का खास प्लान

बक्सर में आने वाले धनतेरस और दीपावली के त्योहारों पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ और संभावित जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक विशेष रूट प्लान तैयार कर लिया है। योजना के मुताबिक छह नवंबर को धनतेरस और आठ नवंबर को दीपावली के दिन शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कड़ी निगरानी में रहेगी। दोनों दिनों दोपहर बारह बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक शहर के अंदर बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। चार पहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं। बाजार आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

पुलिस उपाधीक्षक यातायात संतोष कुमार सिंह ने इकतीस अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन भेजा था। प्रतिवेदन में बताया गया है कि त्योहारों के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात थाने में पहले से तैनात पदाधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा विभिन्न चौक-चौराहों पर भी अतिरिक्त बल लगाया जाएगा। ज्योति चौक, नाथ बाबा मंदिर रोड, सिंडिकेट, मठिया मोहल्ला पुल, हनुमान फाटक, नगर परिषद कार्यालय रोड, मठिया मोड़, ज्योति चौक पुल से पहले नहर मोड़, आईटीआई मोड़ और मुनीम चौक जैसे स्थानों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।

योजना के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक और खलासी मोहल्ला की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। नाथ बाबा पुल से नगर थाना की तरफ भी कोई वाहन नहीं जा सकेगा। सिंडिकेट, मठिया पुल, हनुमान फाटक और नगर परिषद कार्यालय रोड समेत कई रास्तों पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। थाना चौक से रामरेखा घाट, पीपी रोड और मठिया मोहल्ला पुल की ओर जाने वाले मार्गों पर भी प्रवेश रोक दी जाएगी।

चार पहिया और बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। इन्हें गोलंबर से बाइपास होते हुए ज्योति चौक, आईटीआई रोड और मठिया मोड़ के रास्ते दानी कुटिया की तरफ भेजा जाएगा। दूसरा विकल्प गोलंबर से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक होते हुए स्टेशन और इटाढ़ी गुमटी की ओर का है। ई-रिक्शा और ऑटो के लिए गोलंबर से बाइपास होते हुए ज्योति चौक, अंबेडकर चौक और स्टेशन जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है।

जाम से राहत दिलाने के लिए सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल, बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के बगल में, किला मैदान के पीछे और बाजार समिति में पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इन जगहों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जाएगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो टो-वाहनों की भी जरूरत बताई गई है। प्रशासन का मकसद त्योहार के दौरान बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को जाम की परेशानी से बचाना और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।

अपनी राय दें

आपका ईमेल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।