द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। मृतक राजेश कुमार कोइरी (35) के चेहरे की हालत इतनी बुरी थी कि शुरुआत में उनकी पहचान करना आसान नहीं हो पा रहा था। एक पैर भी कटा हुआ पाया गया। इलाके में इस दृश्य को देखकर सनसनी फैल गई। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बासुदेवा का रहने वाला बताया।



परिवार के मुताबिक राजेश रविवार देर शाम बच्चों के लिए पटाखे और मिठाई लाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात भर वापस नहीं आए। सुबह शव मिलने की खबर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की। उनके दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों का कहना है कि किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
शव मिलने के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करने लगे। लोगों का आरोप है कि हत्या के बाद शव को जानबूझकर झाड़ियों में फेंक दिया गया।
डुमरांव के पूर्व विधायक और इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने परिवार और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा दिए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपना सदस्य खोया है और अब आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया है। न्याय और आर्थिक मदद दोनों जरूरी हैं।
डॉ. सिंह ने मौके पर मौजूद डुमरांव एसडीपीओ से भी बात की और त्वरित कार्रवाई की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस को हत्या को गंभीरता से लेना चाहिए, अपराधियों की पहचान कर अविलंब गिरफ्तार करना चाहिए और किसी को भी संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने राज्य में बढ़ रही हत्या और लूट की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बासुदेवा की यह घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। केवल जांच का आश्वासन काफी नहीं है, ठोस कार्रवाई से परिवार को न्याय का भरोसा दिलाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों की गिरफ्तारी और परिवार को न्याय व सहायता मिलने तक इस मुद्दे पर आवाज उठाते रहेंगे।




