शनिवार, 7 नवंबर 2026
ताज़ा
रोट्रैक्ट क्लब ने किया रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन बक्सर में सड़क हादसे में दो की मौत, तीन घायल चौसा पंप नहर व्यवस्था के जीर्णोद्धार के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू पैलाडीह गांव में अवैध पटाखा निर्माण का भंडाफोड़ युवा शिक्षक का गुरुग्राम अस्पताल में निधन, सात महीने से चल रहा था इलाज शुरू हुआ दो दिवसीय किसान मेला, आधुनिक खेती पर जोर चिलहरी गांव में दो पक्षो में विवाद, फायरिंग धनतेरस और दीपावली में ट्रैफिक पुलिस का खास प्लान
स्थानीय

पैलाडीह गांव में अवैध पटाखा निर्माण का भंडाफोड़

बक्सर के पैलाडीह गांव में स्थानीय पुलिस ने एक आवासीय मकान में छापा मारकर तैयार व अधबने पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। छापे के दौरान बारूद जैसी सामग्री और पटाखे बनाने के उपकरण भी हाजिर पाए गए।

मकान मालिक 45 वर्षीय कैमुद्दीन अंसारी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का आरोप है कि वह अवैध रूप से पटाखे तैयार करता और उनकी खरीद-बिक्री करता था। उसके पास इस कार्य के लिए कोई वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं था।

त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई हुई है। दीपावली और छठ पर्व से पहले अवैध पटाखों के निर्माण व बिक्री पर नजर रखी जा रही थी। इसी क्रम में सूचना मिली कि कैमुद्दीन अपने घर में पटाखे बना रहा है और उनका कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एएसपी भास्कर रंजन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

इसके बाद थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के नेतृत्व में पुलिस दल ने घर पर छापा मारा। पहली मंजिल के एक कमरे में पलंग के नीचे रखे दो कार्टूनों से विभिन्न प्रकार के तैयार पटाखे निकाले गए। इनमें स्काई शॉट, क्रैकलिंग वार, मोरी छाप के बड़े-छोटे रोलिंग शॉट, पैंटा प्लस और पेंसिल जैसी फुलझड़ियों के पैकेट शामिल थे।

यह भी पढ़ेंरोट्रैक्ट क्लब ने किया रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

घर की छत पर प्लास्टिक शेड के नीचे रखे एक टब से बारूद भरी 75 मिट्टी की चुकिया फुलझड़ियां भी बरामद हुईं। इसके अलावा करीब 300 अधबनी मिट्टी की चुकिया, नारियल की रस्सी और पटाखे तैयार करने में प्रयुक्त अन्य सामान भी मिला।

छापे के दौरान करीब साढ़े चार किलो बारूद जैसा पदार्थ, तीन किलो कोयले जैसा चूर्ण, दो किलो सोडा जैसा पदार्थ, आधा किलो गंधक जैसा पदार्थ और एक किलो चूना जैसा पदार्थ जब्त किया गया। लोहे और एल्यूमीनियम जैसा चूर्ण भी बरामद हुआ। मौके पर अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय भी मौजूद रहे।

पुलिस ने कैमुद्दीन से पटाखे बनाने, रखने और बेचने संबंधी लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद बरामद सामग्री जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 व 290 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 9बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

अपनी राय दें

आपका ईमेल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।