द जनमित्र डेस्क
बक्सर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खलासी मोहल्ला में गुरुवार की देर रात दो पक्षों के बीच झगड़े के बाद गोली चलने की अफवाह ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर थाना की टीम ने वहां से एक खाली कारतूस बरामद किया। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग किसने और किस तरीके से की। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व वार्ड पार्षद हीरामन राम तथा महेश राम के समर्थकों के बीच किसी मुद्दे पर विवाद छिड़ गया था। दोनों तरफ के कुछ लोग नशे की हालत में बताए जा रहे हैं। बहस तीखी होने के बाद हाथापाई हुई और फिर गोलियों की आवाज आने की खबर फैल गई, जिससे पूरे मोहल्ले में भगदड़ मच गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों से पूछताछ की
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जगह का मुआयना किया और एक खाली कारतूस हासिल किया। दोनों गुटों से दो-दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद जमानत बॉन्ड भरवाकर उन्हें रिहा कर दिया गया।
थानाध्यक्ष का बयान- स्थिति अभी साफ नहीं
नगर थाना के थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक खाली कारतूस मिला है, लेकिन मामले की पूरी तस्वीर अभी सामने नहीं आई है। किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फिर भी पुलिस अपनी ओर से जांच जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Comment here