स्थानीय

पांडेय पट्टी में नाला निर्माण शुरू, जलजमाव से मिलेगी राहत

Spread the love

द जनमित्र | शशि

पांडेय पट्टी क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उप मुख्य पार्षद सुनील मिश्रा ने बताया कि उन्होंने नगर परिषद को चेतावनी दी थी कि यदि कार्य शीघ्र शुरू नहीं हुआ तो वे अनशन पर बैठ जाएंगे। उनके दबाव के बाद अब निर्माण कार्य जोरों पर है, जो स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत की बात है।

समाजसेवी संजय कुमार तिवारी ने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को विलंब का कारण बताते हुए कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह कार्य शुरू हुआ है और अब यह लगभग पूरा होने की स्थिति में है। हालांकि, छठ महापर्व के दौरान भी निर्माण पूर्ण नहीं हो सका, जिसके कारण श्रद्धालु गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाला निर्माण समय पर पूरा होने से पांडेय पट्टी में जलजमाव की समस्या स्थायी रूप से खत्म हो जाएगी। इससे बस्ती के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने कहा कि नाले के बनने से जल निकासी की समस्या समाप्त होगी, जिससे बारिश के दिनों में सड़कें और घर जलमग्न नहीं होंगे। साथ ही, क्षेत्र स्वच्छ और सुगम मार्ग से जुड़ जाएगा।

रेलवे क्रॉसिंग से नेहरू स्मारक स्कूल तक नाला निर्माण
जलजमाव का मुख्य कारण रेलवे द्वारा बनाए गए पुराने नाले की गहराई थी, जो बाजार समिति रोड के नाले से काफी नीचे थी। इससे वर्षा जल का बहाव रुक जाता था और बस्ती गंदे पानी में डूब जाती थी। अब रेलवे क्रॉसिंग से नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय तक 79 लाख रुपये की लागत से नया नाला बनाया जा रहा है। इसकी गहराई इस तरह रखी जा रही है कि जल निकासी का स्थायी समाधान हो सके। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह कार्य पूरा होने के बाद उनकी वर्षों पुरानी समस्या खत्म हो जाएगी।

Comment here