द जनमित्र डेस्क
बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर शनिवार शाम को छठ महापर्व की धार्मिक परंपरा और महत्व को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। यहां लगभग सौ फीट ऊंची गंगा जल स्क्रीन पर लेजर लाइट एंड साउंड शो का परीक्षण प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें सूर्य उपासना, छठ व्रत की रीति-रिवाज और संबंधित धार्मिक कथाओं के दृश्य दिखाए गए।



14 नवंबर को शाम छह बजे हुए इस परीक्षण शो में रोशनी और ध्वनि के तालमेल से छठ महापर्व की झलक पेश की गई। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जल स्क्रीन पर यह अनोखा प्रदर्शन देखा। रामरेखा घाट पर अस्थायी रूप से इस तरह का शो पहली बार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी साहिला समेत प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। उन्होंने शो का परीक्षण प्रदर्शन देखा।
रामरेखा घाट बक्सर के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में से एक है। इसे आदर्श छठ घाट के रूप में विकसित करने का काम चल रहा है। छठ पर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में भक्त गंगा स्नान और सूर्य अर्घ्य के लिए पहुंचते हैं। लेजर शो के जरिए पर्व की परंपरा और धार्मिक प्रसंगों को आम लोगों तक पहुंचाने की यह नई पहल की गई है।




