द जनमित्र डेस्क
बक्सर के जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में छठ महापर्व के मौके पर व्रत रखने वाले लोगों को सूप, फल और पूजा की सामग्री वितरित की गई। युवा शक्ति सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद सुधाकर सिंह तथा सामाजिक कार्यकर्ता राम जी सिंह मौजूद रहे।
दोनों ने सैकड़ों महिलाओं को स्वयं अपने हाथों से पूजा सामग्री सौंपी और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।



कार्यक्रम के दौरान सांसद सुधाकर सिंह ने व्रतियों से मुलाकात की और उन्हें पूजा में काम आने वाली सामग्री भेंट की। उन्होंने महिलाओं से बातचीत भी की तथा उनका आशीर्वाद लिया। सामाजिक कार्यकर्ता राम जी सिंह ने भी व्यक्तिगत रूप से व्रतियों के बीच सामग्री बांटी।
सुधाकर सिंह ने कहा कि संस्थान द्वारा चलाए जा रहे इस कार्यक्रम में शामिल होकर व्रतियों को पूजा सामग्री देने का अवसर मिला। उन्होंने सभी को पर्व की बधाई देते हुए छठी मैया से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
आयोजकों का कहना था कि छठ लोक आस्था, पवित्रता और सामाजिक एकता का पर्व है। पूजा सामग्री बांटने का मकसद व्रतियों की मदद करना और उनके साथ पर्व की खुशियां साझा करना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी व्रतियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा सामाजिक सहयोग और आपसी मेलजोल का संदेश दिया गया।




