स्थानीय

बक्सर में एसडीओ की दबंगई: ट्रक ड्राइवर को सरेआम थप्पड़ मारा, वीडियो वायरल

Spread the love

द जनमित्र न्यूज डेस्क

बिहार के बक्सर में एक बार फिर प्रशासनिक दबंगई की तस्वीर सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रही है। मामला डुमरांव अनुमंडल का है, जहां एसडीओ राकेश कुमार ने एक ट्रक ड्राइवर को सरेआम थप्पड़ों की बौछार कर दी। हैरानी की बात? ये सब डीएम अंशुल अग्रवाल की मौजूदगी में हुआ, जो अपने अमले के साथ सिमरी प्रखंड में तटबंध और पेयजल व्यवस्था का जायजा लेने निकले थे।


वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एसडीओ साहब ट्रक ड्राइवर से कागजात मांग रहे हैं। ड्राइवर अपने साथी को कागज निकालने को कहता है, लेकिन इससे पहले कि कागज सामने आए, एसडीओ का गुस्सा सातवें आसमान पर। फिर क्या, थप्पड़ों की बरसात शुरू, वो भी बीच सड़क पर।
एसडीओ राकेश कुमार का कहना है कि ट्रक ड्राइवर नेशनल हाइवे छोड़ ग्रामीण सड़क पर बालू लदा ट्रक ले जा रहा था, जिससे सड़क खराब हो रही थी। उनके मुताबिक, ड्राइवर ने कागजात मांगने पर बदतमीजी की, तो उसे “डराने” के लिए थप्पड़ मारे। दूसरी ओर, ड्राइवर का दावा है कि वह बिहटा से देवरिया के लिए बालू ले जा रहा था, उसके पास वैध चालान और सभी दस्तावेज थे। ट्रक भी अंडरलोड था, फिर भी एसडीओ ने बेवजह पिटाई की और ट्रक जब्त कर लिया।
वीडियो ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यही है प्रशासन का रवैया? बक्सर जिला प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन ट्रक के दस्तावेज जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब देखना ये है कि इस दबंगई का अंजाम क्या होता है, या ये भी बस एक और वायरल वीडियो बनकर रह जाएगा।

Comment here