द जनमित्र डेस्क
मंगलवार शाम को नया भोजपुर के आदर्श नगर में निर्माणाधीन मकान पर सेंट्रिंग टूटने से भीषण हादसा हो गया। काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति इस हादसे में जान गंवा बैठे जबकि दो मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। दोनों मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है।



अभयानंद प्रजापति के घर का निर्माण कार्य चल रहा था। छज्जे की सेंट्रिंग और कंक्रीट ढलाई के दौरान अचानक संरचना टूट गई। इससे सरपंच सहित तीन लोग नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सुरेंद्र प्रजापति ठेकेदारी का काम भी करते थे। रिश्ते में जुड़े होने के कारण वे वहां पहुंचे थे और मजदूरों को निर्देश दे रहे थे तभी यह दुर्घटना हो गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत डुमरांव के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे रेफर कर दिया गया। सुरेंद्र प्रजापति को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बाकी दोनों मजदूरों का इलाज अभी जारी है। हादसे के सही कारणों की जांच अभी बाकी है।
सरपंच के अचानक निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंभुनाथ सिंह यादव, काजीपुर पंचायत मुखिया इम्तेयाज अंसारी, सुनील यादव और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि चुने हुए सरपंच की असमय मौत से पूरे पंचायत क्षेत्र को बड़ा सदमा लगा है। परिचितों और समर्थकों में शोक का माहौल छाया हुआ है।




