अपराध

सड़क किनारे युवक का शव मिला

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

शनिवार दोपहर सड़क किनारे एक युवक का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। घटना डुमरांव थाना क्षेत्र के समहार गांव के पास हुई। मृतक की पहचान समहार गांव के मुलायम यादव के रूप में हुई है।

रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घास में पड़े शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। युवक के कनपटी के पास गहरे घाव मिले हैं, जिससे लगता है कि उसे नजदीक से गोली मारी गई। शव के आसपास की घास रौंदी हुई थी, जिससे हाथापाई की संभावना भी बनती है।

मृतक के पिता उदय नारायण उर्फ वकील यादव ने बताया कि एक दिन पहले नवडेरा के कुछ लड़कों से मुलायम का विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके से एक ब्रेसलेट बरामद की है, जो मृतक की नहीं है। एफएसएल टीम को बुलाया गया है और जांच जारी है।

घटना के पीछे प्रेम संबंध या जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पिता घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन अभी कुछ कहने से बच रहे हैं। युवक अपने बहनोई की मोटरसाइकिल लेकर गांव से डुमरांव सामान खरीदने जा रहा था। बीच रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या से पहले हाथापाई की भी आशंका है। शव से करीब दो सौ मीटर दूर एक चप्पल और सौ मीटर दूर दूसरा चप्पल तथा गमछा मिला। नहर के किनारे युवक का शव पड़ा था। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, डीआईयू टीम और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता को शक है कि इस वारदात को किसने अंजाम दिया, लेकिन वे फिलहाल खुलकर कुछ नहीं बता रहे। डुमरांव डीएसपी समीर कुमार सिंह ने कहा कि मौके पर टीम पहुंच चुकी है। हत्या है या कोई दुर्घटना, इसकी जांच की जा रही है।

Comment here