द जनमित्र डेस्क
बक्सर। शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और चुनाव आयोग के कामकाज के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से जुलूस निकालकर अंबेडकर चौक पहुंचा। वहां उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए और एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की। राजद ने 25 सितंबर को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था।
पार्टी नेताओं का आरोप है कि एसआईआर के दौरान बड़ी तादाद में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब कर दिए गए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता के साथ हो और हर योग्य मतदाता का नाम सूची में शामिल हो।
जिला अध्यक्ष शेषनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव आयोग का निष्पक्ष रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और चुनाव संबंधी कानूनों में बदलाव की मांग दोहराई। उन्होंने साफ कहा कि निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था की लड़ाई को राजद जारी रखेगा।
इस मौके पर ब्रह्मपुर विधायक शंभुनाथ यादव, प्रदेश महासचिव निर्मल कुशवाहा, संतोष भारती, श्वेता पाठक, बबलू यादव, राजेश यादव, अनिल कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह यादव, रामेश्वर सिंह, जगनारायण यादव, लालबाबू यादव, इफ्तिखार अहमद, अखिलेश यादव, अंगद यादव, जवाहर पासवान, मनीषा मौर्या और राजेंद्र मौर्या सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एसआईआर को लेकर विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

Comment here