स्थानीय

डी.के. कॉलेज में छात्रों का उग्र प्रदर्शन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

डुमरांव के डी.के. कॉलेज में बुधवार को छात्रों का गुस्सा भड़क उठा। एनएसयूआई और छात्र राजद के संयुक्त मोर्चे ने कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में लूट-खसोट और भ्रष्टाचार ने सारी हदें पार कर दी हैं।


छात्र संघ के कोषाध्यक्ष राजू खान की अगुवाई और एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव रंजन राज के संचालन में प्रदर्शनकारी छात्रों ने कॉलेज प्रशासन की नाकामियों को उजागर किया। उनका कहना था कि प्रभारी प्राचार्य बुनियादी सुविधाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। न पीने का साफ पानी, न पूछताछ काउंटर की ढंग की व्यवस्था। यही नहीं, गैर-शैक्षणिक पदों पर नियुक्तियों में भी जमकर धांधली के आरोप लगे।
रंजन राज ने तीखे तेवर में कहा कि कॉलेज के हरे-भरे पेड़ों की बेवजह कटाई से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाया गया है। छात्रों की समस्याओं पर प्रशासन की चुप्पी और मनमानी अब बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने चेतावनी दी, “यह बस शुरुआत है। अगर हालात न सुधरे, तो आंदोलन और तेज होगा।”
नारेबाजी के बीच छात्र राजद कॉलेज अध्यक्ष अजय यादव, एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष कृष्णा ओझा, नीतीश कुमार, मुनमुन यादव जैसे कई छात्र नेताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन के बाद स्थानीय प्रशासन से मांग की गई कि कॉलेज की अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। छात्रों ने साफ कहा कि उनकी समस्याओं की अनदेखी अब नहीं सहेगी, और जरूरत पड़ी तो यह आंदोलन जिला मुख्यालय तक पहुंचेगा।

Comment here