द जनमित्र डेस्क
बक्सर में मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने एक रेस्टोरेंट पर छापा मारकर संदिग्ध गतिविधियों का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में चली कार्रवाई में बीआर44 रेस्टोरेंट से तीन-चार युवक-युवती जोड़े मिले।

इन सभी को पुलिस थाने ले जाया गया। परिजनों को बुलाकर बांड भरवाया गया और फिर उन्हें सौंप दिया गया। जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों का भी उल्लंघन सामने आया, जिसके बाद रेस्टोरेंट को जांच पूरी होने तक सील कर दिया गया है।
एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि जिले में हाल के दिनों में गलत गतिविधियों के मामले सामने आने के बाद राज्य मुख्यालय और जिलाधिकारी के निर्देश पर होटल-रेस्टोरेंट मालिकों को पहले ही जरूरी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान की आड़ में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि के बाद रेस्टोरेंट सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। प्रशासन ने जिले के सभी होटल और रेस्टोरेंट पर कड़ी नजर रखने का फैसला लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मालिकों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन सुनिश्चित करें और अपने परिसर में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को जगह न दें।

Comment here