द जनमित्र डेस्क
संसद के मानसून सत्र में गुरुवार को लोकसभा में बक्सर जिले की सड़क सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सांसद राजेश रंजन और सांसद रामप्रीत मंडल के बिहार में एक्सप्रेस-वे तथा सड़क योजनाओं की स्थिति पर पूछे गए तारांकित सवाल के जवाब में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बक्सर से जुड़ी दो प्रमुख परियोजनाओं का हाल सदन में रखा। इनमें बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे और गंगा नदी पर बन रहे अतिरिक्त दो-लेन पुल का जिक्र शामिल था।

मंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट 2024-25 में घोषित बक्सर में गंगा नदी पर अतिरिक्त दो-लेन पुल का काम लगातार आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर बन रहे इस 3.3 किलोमीटर लंबे पुल की कुल स्वीकृत लागत 531.6 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य 4 सितंबर 2025 से शुरू हो चुका है। अब तक इस पर 47.1 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और भौतिक प्रगति बीस प्रतिशत तक पहुंच गई है।
इस पुल को 19 फरवरी 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नया पुल बिहार के बक्सर को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से सीधे जोड़ेगा। इससे अंतरराज्यीय आवागमन आसान होगा और पटना समेत शेष बिहार का पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से संपर्क भी बेहतर बनेगा।
पहले तीन लेन के पुल के लिए निविदा निकाली गई थी और शुरुआती जानकारी में तीन लेन का पुल बनने की बात कही गई थी। संसद में भी पहले तीन लेन की ही जानकारी दी गई थी, लेकिन अब इसे दो लेन का पुल बताया जा रहा है। निर्माण स्थल पर सूचना पट न लगने से भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
बक्सर में गंगा पर पहले से दो-दो लेन के दो पुल मौजूद हैं। 1977 में खुला पुराना पुल अब कमजोर हो चुका है, इसलिए उस पर सिर्फ हल्के वाहन ही चलते हैं। भारी वाहनों के लिए 2023 में बगल में नया दो लेन का पुल बना था। यह पुल पटना-बक्सर फोरलेन एनएच 922 और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बीच अड़चन बन जाता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए तीसरा नया पुल बनाया जा रहा है।
नया पुल पुराने दोनों पुलों से अलग होगा। पुराने पुल करीब 1.100 मीटर लंबे हैं, जबकि नया पुल इनसे लगभग तीन गुना लंबा होगा। नदी से बाहर वाले हिस्से में ज्यादा खंभे लगाए जाएंगे। भरौली छोर पर यह पुल भरौली गोलंबर से उत्तर में बन रहे नए ग्रीनफील्ड फोरलेन हाईवे पर जाकर खत्म होगा। भरौली गोलंबर को यह पुल ऊपर से पार करेगा और वहां एलिवेटेड रोटरी यानी गोलंबर के ऊपर गोलंबर का निर्माण किया जाएगा।

Comment here