राजनीति

चुनाव से पहले बिहार को पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात

Spread the love

द जनमित्र | शशि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्यवासियों को एक बड़ी विकास सौगात देने जा रहे हैं। 20 जून को उनका सीवान दौरा प्रस्तावित है, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और राज्य के 14 शहरों में जलापूर्ति एवं सीवरेज ट्रीटमेंट से जुड़ी करीब 7170 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में 8 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन और 14 नए प्लांट तथा सीवरेज नेटवर्क का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा वे 13 शहरों में जलापूर्ति योजनाओं की भी नींव रखेंगे, जिससे लाखों लोगों को स्वच्छ जल और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगर विकास विभाग प्रधानमंत्री की इस ऐतिहासिक यात्रा की तैयारियों में जुट गया है। जिन स्थानों पर योजनाओं का उद्घाटन होगा, उनमें मोकामा, फतुहा, बेगूसराय, भागलपुर, बख्तियारपुर, कहलगांव, और पटना के दीघा तथा कंकड़बाग जोन शामिल हैं। वहीं, लखीसराय, सुपौल, जमुई, दाउदनगर, मोतिहारी, रक्सौल, बक्सर और आरा में नई योजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त जहानाबाद, औरंगाबाद, सासाराम और सीवान (फेज-1) में भी एसटीपी परियोजनाओं की शुरुआत होगी।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा के शीर्ष नेता लगातार सक्रिय हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पचरुखी प्रखंड के जसौली में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर डीएम आदित्य प्रकाश और एसपी अमितेश कुमार ने कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण रूपरेखा मानचित्रों के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं को समझाई।

सम्राट चौधरी, जायसवाल और पांडेय हेलिकॉप्टर से सीवान पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक कर्णजीत सिंह, गोरेयाकोठी विधायक देवेशकांत सिंह, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, पूर्व एमएलसी मनोज सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। यह दौरा राज्य में विकास की नई पटकथा लिखने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Comment here