स्थानीय

विधायक ने गांवों का दौरा कर सड़क हादसा पीड़ितों से की मुलाकात

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के खिलाफतपुर और बनारपुर गांवों में शनिवार को सदर विधायक एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने दौरा किया। उन्होंने हालिया सड़क दुर्घटना के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और औद्योगिक प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

विधायक ने सबसे पहले चौसा के बनारपुर गांव पहुंचकर सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सूर्यदेव सिंह (24) और रितेश कुमार (22) के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया। विधायक ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायल युवक रूपेश कुशवाहा के बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद आनंद मिश्रा चौसा नगर पंचायत के अंतर्गत खिलाफतपुर गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने चौसा पावर प्लांट से कोयला लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान उड़ने वाली कोयले की धूल और राख से होने वाले भारी प्रदूषण की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि इससे सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं, बच्चे-बुजुर्ग-महिलाएं प्रभावित हो रहे हैं और खेतों में राख जमने से फसलों की उपज घटी है, जिससे किसानों की आजीविका पर बुरा असर पड़ रहा है।

विधायक ने स्थिति को गंभीर और चिंताजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास आवश्यक है, लेकिन यह जन स्वास्थ्य और किसानों की जमीन की कीमत पर नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रदूषण मुक्त भारत’ संकल्प का हवाला देते हुए उन्होंने पावर प्लांट प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पूर्ण पालन किया जाए। आधुनिक तकनीक से कोयले की धूल और राख पर तत्काल नियंत्रण लगाया जाए।

आनंद मिश्रा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रदूषण नियंत्रण में कोई लापरवाही बरती गई तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुनीत सिंह, दिलीप उपाध्याय, विनय उपाध्याय सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्र में अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन और औद्योगिक इकाई प्रदूषण नियंत्रण के प्रति कितनी गंभीरता दिखाती है।

Comment here