राजनीति

डुमरांव में सफाईकर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ से जुड़े ऐक्टू और बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के संयुक्त संघर्ष मोर्चे के बैनर तले चल रही राज्यव्यापी हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। कल की भांति आज भी नगर परिषद के तमाम सफाईकर्मी सुबह छह बजे पुराना नगर परिषद कार्यालय पर जुट गए।

हड़ताल के सुचारू संचालन के लिए 27 सदस्यीय समिति का चयन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का जुलूस पुराना नगर परिषद कार्यालय से निकला। जुलूस गोला रोड चौक से होते हुए छठिया पोखरा पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। फिर गौशाला रोड और शहीद मर्द रोड होते हुए शक्ति द्वार पर दूसरी सभा हुई। अंत में जंगल बाजार चौक और गोला रोड होते हुए जुलूस पुराना नगर परिषद कार्यालय लौट आया और कार्यक्रम समाप्त हो गया।

सभा को बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के सचिव शिव शंकर तिवारी, भाकपा माले नगर कमिटी के नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय और बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेता ओम प्रकाश यादव ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य में बैठी भाजपा-आरएसएस सरकारें मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही हैं। वे खुलेआम कंपनी राज स्थापित करने की दिशा में बढ़ रही हैं। सरकारी विभागों को एक-एक करके एनजीओ और पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। सरकारें मजदूरों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं होने का दावा करती हैं, लेकिन डुमरांव नगर परिषद में सफाई के नाम पर हर महीने 96 लाख रुपये निकाले जा रहे हैं। बार-बार हिसाब मांगे जाने के बावजूद जवाब नहीं दिया जा रहा। मुश्किल से 25 फीसदी रकम ही सही तरीके से खर्च होती है, बाकी करीब 75 लाख रुपये का बंदरबांट हो रहा है, जिसका बोझ आम नागरिकों पर पड़ रहा है। पूरे बिहार के नगर निकायों को धीरे-धीरे एनजीओ के सुपुर्द करने की तैयारी चल रही है।

हड़ताल में भगवान पासवान, जाबिर कुरैशी, राधेश्याम शर्मा, सीपीआई नेता कृष्णा जी, पूजा यादव के साथ सफाईकर्मी किस्मत कुमार, चंदन राम, रूपक बास्फोर, करन बास्फोर, शीला देवी, रमिया देवी, शोभा देवी समेत सैकड़ों सफाईकर्मी शामिल रहे।

Comment here