द जनमित्र डेस्क
छठ महापर्व को लेकर घर लौट रहे प्रवासियों का स्वागत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही यात्रियों को त्योहार जैसा माहौल महसूस होने की व्यवस्था की जा रही है।
जिलाधिकारी साहिला ने मंगलवार को बक्सर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और यात्री सुविधाओं से जुड़े काम तुरंत पूरे किए जाएं। नगर परिषद को जहां जरूरत हो, वहां विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया। मरम्मत संबंधी कार्य भी समयबद्ध तरीके से निपटाए जाएं।



प्रशासन की योजना है कि स्टेशन परिसर में बुधवार सुबह से ही आकर्षक सजावट शुरू कर दी जाए। बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे ताकि परिवार के साथ छठ मनाने आए लोग स्टेशन पर कदम रखते ही पर्व की रौनक महसूस कर सकें।
छठ के दौरान दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी बक्सर पहुंचते हैं। कई यात्रियों को घर पहुंचने के रास्ते, परिवहन और अन्य जानकारी की जरूरत पड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित करने का फैसला लिया गया है। वहां प्रशासनिक कर्मियों की टीम तैनात रहेगी जो जरूरत पड़ने पर सहायता करेगी।
यह भी पढ़ेंरोट्रैक्ट क्लब ने किया रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
डीएम ने बताया कि छठ के दिनों में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर समन्वय स्थापित किया गया है। रेलवे प्रशासन, रेल पुलिस, जिला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष ट्रेनों से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने और उन्हें सुरक्षित रूप से स्टेशन से बाहर निकालने की व्यवस्था पर भी जोर दिया जा रहा है। स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
बस स्टैंड का भी निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाहर से आने वाले यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो। परिवहन विभाग को सक्रिय रहने और सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रवेश-निकास मार्गों पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व बक्सर के लिए खास महत्व रखता है। इस मौके पर दूसरे प्रदेशों से बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के पास लौटते हैं। प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े। स्टेशन और बस स्टैंड पर सफाई, सजावट, हेल्प डेस्क और सुरक्षा संबंधी सभी इंतजाम समय पर पूरे कर लिए जाएं।




