द जनमित्र डेस्क
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा बक्सर द्वारा 8 अगस्त 2026 को एम.वी. कॉलेज के मानस भवन में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थी देशभक्ति गीतों की सामूहिक प्रस्तुति देंगे। परिषद ने इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं।

इसी कड़ी में रविवार को होटल एम.जी. रेजीडेंसी में परिषद की अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय ने की। इसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा, समितियों का गठन, काम का बंटवारा और स्कूलों से समन्वय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
शाखा अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय ने कहा कि यह प्रतियोगिता सिर्फ सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभाव जगाने का मजबूत माध्यम है। वैश्वीकरण, सोशल मीडिया और बदलती जीवनशैली के दौर में युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक मूल्य कमजोर पड़ रहे हैं। ऐसे समय में ये आयोजन बच्चों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामूहिकता और भारतीय संस्कार पैदा करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं। बचपन से ही देशभक्ति, सेवा और संस्कार के भाव विकसित किए जाएं तो वे आगे चलकर समाज और देश को नई दिशा देने वाले जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। भारत विकास परिषद का मकसद केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
वर्षा पाण्डेय ने बताया कि इस साल बक्सर जिले के बड़ी संख्या में सरकारी और निजी स्कूलों की टीमें शामिल होंगी। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले होने वाला यह कार्यक्रम पूरे जिले में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाएगा और बच्चों की सामूहिक आवाज से बक्सर की धरती राष्ट्रीय चेतना से रोशन होगी।
बैठक में प्रतियोगिता की सफलता के लिए जिम्मेदारियां बांटी गईं। सचिव संजय राय, कोषाध्यक्ष मनोज दुबे, संस्कार संयोजक प्रकाश पाण्डेय, महिला एवं बाल विकास संयोजक रीना शर्मा, सेवा संयोजक मीरा सिंह, संपर्क संयोजक मंजू तिवारी, पर्यावरण संयोजक विपिन कुमार समेत भरत प्रसाद, विकास कौशिक, सरोज तिवारी, अमित पांडेय, अखिलेश, हरेंद्र पांडेय, सरोज दुबे, वार्ड पार्षद संगीता सिंह, आनंद कुमार पाण्डेय और अन्य सदस्यों ने सुझाव दिए तथा कार्यक्रम को यादगार बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में तय किया गया कि प्रतियोगिता उच्च गुणवत्ता, अनुशासन और गरिमा के साथ होगी, ताकि यह बक्सर जिले के लिए प्रेरक सांस्कृतिक और राष्ट्रीय पर्व बन सके। पदाधिकारियों ने जिले के सभी स्कूलों से अधिकतम संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
भारत विकास परिषद का मानना है कि स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर होने वाली राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दूर-दूर तक पहुंचाएगी तथा बक्सर को एक बार फिर राष्ट्रीय चेतना के स्वर से गूंजता बनाएगी।

Comment here