स्थानीय

तीन साल से लापता एमपी के युवक की घर वापसी

Spread the love

द जनमित्र | शशि

जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में तीन साल से लापता एक युवक को पुलिस ने उसके परिवार से मिला दिया है। यह युवक मध्य प्रदेश के सीधी जिले का निवासी है, जो रोजगार की तलाश में बनारस गया था और वहां से गुम हो गया था। डुमरांव पुलिस की सतर्कता और प्रयासों से उसकी पहचान हुई और सुरक्षित घर पहुंचाया गया।

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर गांव निवासी 27 वर्षीय छोटू कौल (पिता सुमिरन कौल) लगभग तीन साल पहले रोजगार की तलाश में बनारस पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार वहां फल का ठेला लगाकर अपना गुजारा करते थे। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे मानसिक रूप से अस्थिर हो गए, जिसके बाद अचानक लापता हो गए। परिवार लगातार उनकी तलाश में लगा रहा था।

बुधवार रात डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा को सूचना मिली कि बंझू डेरा के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और अपना नाम-पता ठीक से नहीं बता पा रहा। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले आई। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही थी।

पुलिस ने लगातार प्रयास और पूछताछ जारी रखी, जिसके बाद युवक ने धीरे-धीरे अपना नाम और घर का पता बताया। इस आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही परिजन डुमरांव पहुंच गए।

गुरुवार को छोटू का भाई पंकज कौल थाने पहुंचा। सभी औपचारिकताएं और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को उसके भाई के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया। लंबे इंतजार के बाद बेटे के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने बताया कि तीन साल की तलाश के बाद सुरक्षित वापसी से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

Comment here