द जनमित्र डेस्क
भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य मंगलवार को बक्सर के डुमरांव पहुंचे, जहां उन्होंने नगर भवन में माले विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के पांच साल के कामकाज की रिपोर्ट का विमोचन किया। इस मौके पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों—राजद, कांग्रेस, भाकपा, VIP—के जिला और प्रखंड स्तर के नेता एकजुट दिखे।



सभा में दीपंकर ने जोशीले अंदाज में कहा, “लोकतंत्र की असली ताकत यही है कि जनप्रतिनिधि जनता के सामने अपने काम का हिसाब रखे। ‘बदलो सरकार, बदलो बिहार’ का नारा अब हर बिहारी की जुबान पर है।” उन्होंने आगे कहा, “विकास के लिए विधायक फंड काफी नहीं, असल लड़ाई गरीब, किसान और नौजवान विरोधी नीतियों को पलटने की है।”
भाजपा पर तीखा हमला
केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दीपंकर ने कहा, “भाजपा देश की जल-जंगल-जमीन और संपत्तियों को अडानी-अंबानी की तिजोरी में डाल रही है। बिहार के नौजवान पलायन को मजबूर हैं। दिल्ली में ‘जहां झुग्गी, वहीं मकान’ का वादा किया गया, मगर सत्ता मिलते ही झुग्गियां तोड़ दीं। अब तो प्रवासी बिहारियों के वोट का अधिकार तक छीनने की साजिश हो रही है।”
सुप्रीम कोर्ट की लड़ाई को गठबंधन की जीत बताया
दीपंकर ने SIR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक की लड़ाई को इंडिया गठबंधन की बड़ी जीत करार दिया। “तीन बार चुनाव आयोग को पीछे हटना पड़ा। दस्तावेज जमा करने की शर्त हटवाने से लेकर आधार को मान्यता दिलाने तक, यह जनता की ताकत है,” उन्होंने गर्व से कहा। सभा में राजद के शेषनाथ सिंह यादव, कांग्रेस के मनोज पांडेय, CPI के जीतेंद्र सिंह, VIP के प्रभुनाथ चौधरी, माले के नवीन कुमार समेत गठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुटता का संदेश दिया।

Comment here