स्थानीय

बक्सर में कोका-कोला बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत नावानगर औद्योगिक क्षेत्र में SLMG बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित लगभग 1200-1235 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक कोका-कोला बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन शुक्रवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने रिमोट बटन दबाकर किया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सड़कों का जाल बिछाने के बाद कानून व्यवस्था सुधार, बिजली-पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अब उद्योगों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब बिहार के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी भी दी और कहा कि बिहार में कानून का राज है। जो कोई कानून तोड़ेगा, उसके लिए जेल नहीं तो जीवनदायिनी गंगा उपलब्ध है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और जिलाधिकारी साहिला को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर परेशान करने वाले की शिकायत सीधे उन तक पहुंचाई जाए।

उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार में उद्योगों का जाल बिछेगा। उन्होंने लदानी परिवार (संयंत्र स्थापित करने वाले) का आभार जताया और 4-5 और फैक्ट्रियां लगाने का आग्रह किया।

यह प्लांट 65 एकड़ भूमि पर स्थापित है और रोजाना लाखों केस उत्पादन की क्षमता रखता है। स्थानीय लोगों में रोजगार को लेकर उम्मीद जगी है, हालांकि देखना होगा कि यह बेरोजगारी दूर करने में कितना प्रभावी साबित होता है।

Comment here