स्थानीय

चोल मुंडन-गंगा स्नान के लिए 27 फरवरी को प्रमुख मार्गों पर वाहनों पर प्रतिबंध

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

चोल मुंडन एवं गंगा स्नान के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने 27 फरवरी 2026 को शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इस दिन सुबह 4 बजे से शाम 5 बजे तक कई मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन के अनुसार, थाना चौक से ज्योति चौक, थाना चौक से नाथबाबा पुल, थाना चौक से रामरेखा घाट होते हुए पुराना सदर अस्पताल मार्ग, मुनीम चौक-जमुना चौक-ठठेरी बाजार-थाना चौक, सिंडिकेट-जमुना चौक-थाना चौक तथा मठिया पुल-मुनीम चौक मार्ग पर दोपहिया वाहनों को छोड़कर सभी अन्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। फोर व्हीलर सिंडिकेट से बाईपास होते हुए ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़ से दानी कुटिया की ओर जा सकेंगे। इसी तरह गोलम्बर से सिंडिकेट-ज्योति चौक-अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी मार्ग की ओर वाहन संचालित होंगे। ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं ताकि शहर के भीतर यातायात सुचारू बना रहे।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। ट्रैक्टर, पिकअप और बसों के लिए हवाई अड्डा मैदान, गोलम्बर पार्किंग स्थल तथा रेलवे मैदान निर्धारित किए गए हैं। चार एवं तीन पहिया वाहनों के लिए सिंडिकेट, आईटीआई मैदान, बाजार समिति ग्राउंड और किला मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दोपहिया वाहन किला मैदान एवं थाना चौक से ज्योति चौक मार्ग के किनारे पार्क किए जा सकेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, मरीजों के वाहन तथा अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नो एंट्री में छूट दी जाएगी। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र और रेल यात्रियों को टिकट साथ रखने की सलाह दी गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का उपयोग न करें।

गौरतलब है कि 27 फरवरी को सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों, ट्रैक्टरों एवं पिकअप वाहनों की पूर्ण नो एंट्री रहेगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि यह पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Comment here