स्थानीय

उमाशंकर बने जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिला पावरलिफ्टिंग संघ बक्सर ने बिहार राज्य पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन से संबद्ध जिला स्तरीय सीनियर ओपन पुरुष एवं महिला पावरलिफ्टिंग एवं बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन कला भवन में किया। जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जिले के अलग-अलग प्रखंडों से आए करीब एक सौ खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया।

दिनभर चली स्पर्धाओं में राजपुर प्रखंड की बन्नी पंचायत के भरखरा गांव के उमाशंकर पाण्डेय ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियन का खिताब हासिल किया। उन्होंने कुल 505 किलोग्राम वजन उठाया। इसी उपलब्धि के बल पर उनका चयन 6 से 9 अगस्त तक पटना में होने वाली बिहार राज्य पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। वे बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

93 किलोग्राम भार वर्ग में उमाशंकर पाण्डेय ने स्क्वाट में 185 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 115 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 205 किलोग्राम वजन उठाया। तीनों स्पर्धाओं में मिलाकर उनका कुल प्रदर्शन 505 किलोग्राम रहा, जिसके आधार पर उन्हें जिला चैंपियन घोषित किया गया।

उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल सिर्फ पदक जीतने का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार हैं। उन्होंने बताया कि खेल युवाओं को सकारात्मक राह दिखाते हैं और नशामुक्त जीवन का संदेश भी देते हैं। जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से वर्षों बाद इतने बड़े पैमाने पर प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो सका। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में बक्सर के खिलाड़ी राज्य स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।

उमाशंकर पाण्डेय की इस सफलता पर राजपुर प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बन्नी पंचायत के मुखिया अनिल सिंह, शिक्षिका उषा मिश्रा, शिक्षक धनंजय मिश्रा, ब्रजेश राय, मिथिलेश ठाकुर समेत कई जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय, जिला खेल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा, जिला पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सुबोध कुमार राय के साथ बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Comment here