स्थानीय

रामनवमी को शांतिपूर्ण बनाने के लिए फ्लैग मार्च

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

रामनवमी महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के लिए बक्सर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया।

शहर के मुख्य बाजारों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस बल की मजबूत उपस्थिति दिखाई दी। फ्लैग मार्च में स्थानीय थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने पैदल और वाहनों से मुख्य बाजारों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त की।

इस दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद किया, उन्हें सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। फ्लैग मार्च ने लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाया।

पुलिस ने साफ संदेश दिया कि असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने, हर गतिविधि पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

बक्सर पुलिस ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने तथा रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम में देने की अपील की गई है।

 

Comment here