द जनमित्र डेस्क
पुलवामा आतंकी हमले की सातवीं बरसी पर शुक्रवार को यहां 40 शहीद जवानों को गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहर के कवलदह पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पूर्व सैनिक संघ और स्थानीय निवासियों ने एकत्र होकर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर दिन को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया और शहीदों की शहादत को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सीआरपीएफ जवान और बक्सर वॉरियर के अध्यक्ष रंजन राय ने की। बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और शहरवासी शामिल हुए। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर सभी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष राम नाथ सिंह ने कहा कि पुलवामा हमले में देश ने अपने 40 वीर सपूतों को खोया था, जिनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने शहीदों के बलिदान को देश के लिए प्रेरणा स्रोत बताया और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। साथ ही युवाओं से देशभक्ति और अनुशासन की भावना अपनाने का आह्वान किया।
रंजन राय ने बताया कि शहीदों की स्मृति में केवल श्रद्धांजलि ही नहीं, बल्कि युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दोपहर में सिपाही घाट (वामन भगवान के पास) पर दौड़ प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय 5 हजार रुपये और तृतीय 1 हजार रुपये रखा गया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस अवसर पर ‘बक्सर वॉरियर एकेडमी’ ऐप लॉन्च किया जाएगा, जो युवाओं को सेना और अन्य सुरक्षाबलों में भर्ती की तैयारी में सहायता प्रदान करेगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एकजुट होकर शहीदों के सम्मान में देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।


Comment here